गांधी जयंती: CM धामी ने बापू और शास्त्री जी को अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा-सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दोनों महान विभूतियों का भावपूर्ण स्मरण किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे। गांधी जी के विचार आज भी शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के लिए प्रासंगिक हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए धामी ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सदैव रेखांकित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों के आदर्श हमें राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

(स्रोत: सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड)