हरियाणा CM का बड़ा एक्शन: गुरुग्राम में 2 प्रदूषण अधिकारियों को किया सस्पेंड, RWA की शिकायत पर कार्रवाई

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को गुरुग्राम की विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में बड़ा एक्शन लिया। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) की लगातार शिकायतों पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के दो क्षेत्रीय अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया।

निलंबित अधिकारियों में आकांक्षा (क्षेत्रीय अधिकारी, गुरुग्राम उत्तर) और मुकुल कुमार (क्षेत्रीय अधिकारी, गुरुग्राम दक्षिण) शामिल हैं। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय पंचकुला के सेक्टर-6 स्थित बोर्ड मुख्यालय में रहेगा और नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिर्फ फाइलों और बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा, “नागरिकों की समस्याओं को समझने के लिए मेरी समानांतर व्यवस्था भी है… मैं जमीनी स्तर से लगातार जानकारी जुटाता हूं कि लोगों को क्या दिक्कतें हैं और प्रशासनिक तंत्र में कहां कमी है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया कि जनशिकायतों का त्वरित समाधान और अधिकारियों की जवाबदेही राज्य सरकार की प्राथमिकता है। गुरुग्राम में विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनशिकायतों पर बैठक में विस्तृत चर्चा हुई।