देहरादून, 10 अक्टूबर: उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट पर नवनिर्मित पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया और देहरादून-अल्मोड़ा हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि मुख्यमंत्री उड़ान खटोला योजना के तहत सहस्त्रधारा से यमुनोत्री, गौचर और जोशियाड़ा के लिए तीन नई हवाई सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने अल्मोड़ा से वर्चुअली जुड़े यात्रियों से बातचीत भी की और सेवा की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर खुशी जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा पर्यटन, अर्थव्यवस्था, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देगी। अल्मोड़ा राज्य का प्राचीन शहर है, जहां जागेश्वर धाम, चितई गोल्ज्यू, कटारमल सूर्य मंदिर और नंदा देवी मंदिर जैसे आस्था के केंद्र हैं। सड़क मार्ग से लंबी पड़ने वाली यह यात्रा अब हेलीकॉप्टर सेवा से आसान हो जाएगी। स्रोत: ANI, मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तराखंड

