Haryana News : गुरुग्राम और नूंह जिलों में बनेगा जंगल सफारी

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Haryana News : हरियाणा में गुरुग्राम और नूंह जिलों की लगभग 10,000 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना निकट भविष्य में पर्यटन क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण बनने जा रही है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम के सकतपुर गांव के पास जंगल सफारी के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

मनोहर लाल ने कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और ऐतिहासिक विरासत को सहेजते हुए यह परियोजना इको-टूरिज्म को बढ़ावा देगी और पर्यटन की संभावनाओं को नए आयाम देगी। उन्होंने बताया कि जंगल सफारी को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

परियोजना को चार चरणों में विकसित किया जाएगा, जिसमें पहले चरण में 2,500 एकड़ क्षेत्र को शामिल किया गया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव जागरूकता, और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

एक साथ पौधारोपण कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को गति दी

IMT मानेसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, भूपेंद्र यादव तथा हरियाणा के पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह की उपस्थिति में 4 हजार से अधिक औद्योगिक प्रतिनिधियों ने एक साथ पौधारोपण कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को गति दी।
कार्यक्रम से पूर्व सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि एक व्यक्ति के संपूर्ण जीवनकाल में औसतन 15 पेड़ों की आवश्यकता होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व बनता है कि वह कम से कम इतने पेड़ अवश्य लगाए।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे औद्योगिक और शहरी दबाव वाले क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में जनभागीदारी से चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने उद्योग संगठनों के सहयोग को प्रेरणादायक बताया।