Weather Updates:दिल्ली सहित इन शहरों में झमाझम बारिश, जानें कल कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

 

Delhi Weather Updates:राजधानी दिल्ली सहित यूपी और आसपास के राज्यों में ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को बूंदाबांदी होने से मौसम ठंडा हो गया।  अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं शनिवार को भी बादल छाए रहने के आसार हैं। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिल्ली में सुबह आठ बजे के बाद बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।  

दिनभर नमी भरी हवा चलती रही, जिससे मौसम सुहाना हो गया। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की गति आठ से 16 किमी तक हो सकती है। 

वहीं, धूल कणों का स्तर बढ़ने के चलते दिल्ली की हवा एक बार फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 211 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि मौसम की गतिविधियों के चलते अगले तीन दिन में वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।