Weather Update: पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों में बर्फीली हवाओं से गलन और ठिठुरन का कहर शुरू

 
Weather Update

Weather Update:दिल्ली का न्यूनतम तापमान देहरादून, धर्मशाला और नैनीताल से भी नीचे गिर गया। दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला ने दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री कम था। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसकी तुलना में देहरादून में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 6.2 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


मौसम विज्ञानियों ने दिन के तापमान में तेज गिरावट के लिए मैदानी इलाकों से गुजरने वाली ठंडी उत्तर पश्चिमी हवाओं और कोहरे के मौसम के कारण कम धूप को जिम्मेदार ठहराया है। एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे के रूप में उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े क्षेत्रों में धूप नहीं निकली। दिल्ली में विजिजिबिलिटी केवल 50 मीटर तक गिर गई और सड़क यातायात और ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा, जहां मंगलवार को कड़ाके की ठंड जारी रही। हरियाणा में नारनौल सामान्य से चार डिग्री कम एक डिग्री सेल्सियस तापमान पर कांप गया। पंजाब में, बठिंडा में 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंड का अनुभव हुआ।

उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में इन जिलों में ओर बढ़ेगी ठंड, यलो अलर्ट जारी


मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सबसे कम तापमान वेस्ट राजस्थान के चुरू में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में दिनभर शीत लहर का प्रकोप रहा। ठंड से लोग कांप उठे। नए साल पर दिल्ली समेत कई राज्यों में बर्फीली हवाओं का सामना करना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानियों के अनुसार, देश के अधिकांश भाग तीन दिन तक कोहरा और शीतलहर का प्रकोप रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तीन दिन घना कोहरा छाने का अनुमान है। वहीं, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ पंजाब और वेस्ट यूपी में शीत लहर के साथ कड़ी सर्दी होने का अनुमान है। 

पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश से ठंड बढेगी। 29 दिसंबर को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान है। 31 दिसंबर को चंडीगढ़ में बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, आगामी दिनों में तमिलनाडु, पुदुचेरी, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, बिहार, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, झारखंड और तमिलनाडु के कुछ भागों में हल्की बारिश के आसार हैं।
 

From Around the web