नई दिल्ली। अगर आज आपका काम दिल्ली के कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर या संसद मार्ग इलाके में है तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। गांधी जयंती के अवसर पर इंडिया गठबंधन के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मध्य दिल्ली में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं, जिसके चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने एहतियाती उपायों के तहत धारा 163 भी लागू की है।
11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने भी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 11 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड और पार्लियामेंट स्ट्रीट के आसपास यातायात को जरूरत के अनुसार नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। कनॉट प्लेस से पटेल चौक और पटेल चौक से GPO की ओर जाने वाले वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर डायवर्ट किया जा सकता है। पुलिस ने यह भी कहा है कि प्रतिबंधित मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और न ही पार्क करें, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।