गाजियाबाद और नई दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। रूट से गुजर रही एक सामान से लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया। पटरी से डिब्बे उतरने के कारण इस व्यस्त रेल मार्ग पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन द्वारा स्थिति से निपटने के लिए यातायात में बदलाव किए गए हैं।
हादसे की वजह से ट्रेनों के संचालन में बदलाव
मार्ग बाधित होने के कारण 24 ट्रेनों को दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक रास्ते से डायवर्ट किया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा और यातायात सुगमता को ध्यान में रखते हुए 16 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
कुल 5 पैसेंजर ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही शॉर्ट-टर्मिनेट या वहीं से वापस संचालित किया जा रहा है।
आनंद विहार की ओर आने वाली 8 ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के विभिन्न स्टेशनों पर रोककर रेगुलेट जा रहा है।
इस दुर्घटना के कारण कुल 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन पटरी की मरम्मत और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के कार्य में जुटा हुआ है।
बिलासपुर में मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
इससे पहले, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना बिलासपुर-कटनी रेल खंड की डाउन लाइन पर हुई, जब खाली मालगाड़ी पेन्ड्रा रोड से बिलासपुर की ओर जा रही थी। बिलासपुर मंडल में हुई इस दुर्घटना के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों, अभियंताओं, परिचालन और तकनीकी विभागों के कर्मियों सहित कई टीम मौके पर पहुंची। प्रभावित डिब्बों को दोबारा पटरी पर लाने के लिए बहाली कार्य शुरू हुआ।

लेखक के बारे में
असिस्टेंट एडिटर
मयंक त्रिगुण Jagruk Youth News में असिस्टेंट एडिटर हैं। इनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। राजनीति, समसामयिक मामलों, न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर लिखने में उनकी गहरी रुचि है। मुरादाबाद के टीएमयू (TMU University) से MJMC (MA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह छह साल से अधिक समय से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

