Ketan Agarwal Murder Case- केतन अग्रवाल मर्डर केस: क्या विग पहनने की वजह से हुई हत्या? पुलिस पूछताछ में सिया ने उगले राज

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Ketan Agarwal Murder Case-महाराष्ट्र के लोनावाला में हुए सनसनीखेज केतन अग्रवाल मर्डर केस (Ketan Agarwal Murder Case) में पुलिस जांच ज्यों-ज्यों आगे बढ़ रही है, त्यों-त्यों नए और हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की गिरफ्त में आई मुख्य आरोपी सिया ने अब इस खौफनाक वारदात के पीछे जो वजह बताई है, उसने जांच अधिकारियों को भी अचरज में डाल दिया है। पुलिस पूछताछ में सिया ने दावा किया है कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और उसका विग पहनना उसे बिल्कुल भी रास नहीं आता था।

दरअसल, पुलिस के सामने सिया ने कुबूल किया है कि उसे केतन का लुक कभी पसंद ही नहीं था। बात सिर्फ विग तक सीमित नहीं थी, बल्कि सिया ने यह भी दावा किया है कि वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी और उसने केतन से साफ शब्दों में कह दिया था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती। हालांकि, सिया की इस पूरी कहानी को लेकर पुलिस पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है और पुलिस के हाथ लगे सबूत किसी और ही दिशा में इशारा कर रहे हैं।

Ketan Agarwal Murder Case: ‘अब पीछे हटने के लिए बहुत देर हो चुकी है’

आरोपी सिया ने अपने बयान में बताया कि जब उसने केतन से शादी तोड़ने की बात कही, तो केतन ने उसे टका सा जवाब दे दिया था। सिया के मुताबिक, केतन का कहना था कि अब बात परिवार में काफी आगे बढ़ चुकी है और शादी से पीछे हटने के लिए बहुत देर हो गई है, इसलिए अब कुछ भी नहीं हो सकता। पुलिस के सामने सिया खुद को एक ऐसी लड़की के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है, जो जबरन थोपे गए इस रिश्ते से परेशान थी और इसी हताशा में यह कदम उठाया गया।

रोमांटिक चैट्स ने खोली सिया की मनगढ़ंत कहानियों की पोल!

सिया भले ही खुद को बेबस दिखाने की कोशिश कर रही हो, लेकिन लोनावाला ग्रामीण पुलिस सूत्रों का कहना कुछ और ही है। असल में, पुलिस को लग रहा है कि सिया खुद को बचाने के लिए अब जांच भटकाने वाली नई-नई कहानियां गढ़ रही है। जांच अधिकारियों ने सिया और मृतक केतन दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। जब पुलिस ने दोनों के बीच हुए चैट्स खंगाले, तो सिया के दावों की पूरी तरह से हवा निकल गई।

बताया जा रहा है कि इन चैट्स में दोनों के बीच हुई बातचीत किसी आम कपल जैसी ही है। चैट्स में दोनों शादी से पहले की मीठी और प्यार भरी बातें करते नजर आ रहे हैं, जिसमें कहीं से भी तनाव, नापसंदगी या जबरन रिश्ते का कोई जिक्र नहीं है। मोबाइल से मिले इन्हीं पुख्ता इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की वजह से पुलिस सिया की ‘विग और खराब लुक’ वाली थ्योरी पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं कर रही है।

अपनों ने भी मोड़ा मुंह, थाने में सिया से मिलने नहीं आया परिवार

इस पूरे मामले में एक और हैरान करने वाला पहलू भी सामने आया है। आम तौर पर जब कोई व्यक्ति किसी गंभीर आरोप में गिरफ्तार होता है, तो उसका परिवार कानूनी मदद या सांत्वना देने के लिए तुरंत पुलिस स्टेशन पहुंचता है। लेकिन सिया के मामले में स्थिति बिल्कुल उलट है। लोनावाला पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद से सिया गोयल से मिलने उसके परिवार का कोई भी सदस्य नहीं आया है। जानकारी के मुताबिक, सिया के घर में उसके माता-पिता और भाई रहते हैं, बावजूद इसके कोई भी उसका हाल जानने थाने नहीं पहुंचा।

वहीं दूसरी तरफ, अपने बेटे को खोने के गम में डूबे केतन के पिता न्याय की आस में लगातार पुलिस के संपर्क में हैं। वह हाल ही में केस का अपडेट लेने के लिए थाने भी पहुंचे थे। फिलहाल, पुलिस इस मर्डर मिस्ट्री की हर संभावित एंगल से गहनता से जांच कर रही है, ताकि सिया के बुने हुए झूठ के जाल को काटकर हत्या की असली वजह और साजिश का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जा सके।