Uttarakhand Government Advertisement

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर: नींद की एक झपकी ने ली मां-बेटी की जान

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

रामपुर/बरेली। हरिद्वार से गंगाजल (कांवड़) लेकर लौट रहे एक शिवभक्त परिवार की खुशियां सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में हमेशा के लिए मातम में बदल गईं। रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र के अंतर्गत लोहा गांव के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में स्कूटी सवार मां और जवान बेटी की मौत हो गई। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह स्कूटी चला रही मां को आई ‘नींद की झपकी’ बताई जा रही है।

हरिद्वार से लौट रहा था बरेली का परिवार प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित पटेल नगर के रहने वाले कपिल खंडेलवाल अपनी पत्नी तृप्ति गुप्ता (50), बड़ी बेटी श्री (19), छोटी बेटी दिव्या (17) और बेटे कार्तिक (12) के साथ हरिद्वार गंगाजल लेने गए थे।

रविवार देर रात पूरा परिवार दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों से वापस बरेली लौट रहा था। एक स्कूटी पर तृप्ति और उनकी बड़ी बेटी श्री सवार थीं (स्कूटी तृप्ति चला रही थीं)। वहीं, कपिल अपनी दूसरी बाइक से दोनों छोटे बच्चों (दिव्या और कार्तिक) को लेकर उनके पीछे-पीछे चल रहे थे।

नींद की झपकी ने ली जान, आंखों के सामने उजड़ा परिवार सोमवार सुबह करीब 4 बजे, जब वे मिलक के लोहा गांव के पास पहुंचे, तभी स्कूटी चला रही तृप्ति को अचानक नींद की झपकी आ गई। पलक झपकते ही स्कूटी अनियंत्रित हुई और सीधे हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई।

हादसा इतना भयंकर था कि मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। पीछे आ रहे पति कपिल ने अपनी आंखों के सामने अपनी पत्नी और बेटी को लहूलुहान तड़पते देखा तो उनके होश उड़ गए।

अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दोनों ने तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मां (तृप्ति) को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय श्री को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रामपुर रेफर किया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन बरेली ले जाते समय रास्ते में श्री ने भी दम तोड़ दिया।

धार्मिक प्रवृत्ति का है परिवार पुलिस ने मृतका तृप्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि परिजन बेटी श्री के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने साथ बरेली ले गए। परिजनों ने बताया कि कपिल खंडेलवाल बेहद धार्मिक प्रवृत्ति के हैं और अक्सर अपने पूरे परिवार के साथ तीर्थ यात्राओं पर जाते रहते थे। इस घटना के बाद से बरेली स्थित उनके मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।