रिश्तेदारी में जा रहे पिता-पुत्र को कार ने मारी जोरदार टक्कर, बेटे की मौत, जूते सीने से लगाए रोती रही मां

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। अज्ञात कार की टक्कर से एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस अब फरार कार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

शोक सभा में रामपुर जा रहे थे पिता-पुत्र

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के लाइनपार चाऊ की बस्ती निवासी प्रकाश राघव उर्फ मोहित (28) एक प्राइवेट बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग में नौकरी करता था। रविवार को उसे सूचना मिली कि उसकी ममेरी बहन की सास का निधन हो गया है। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए प्रकाश अपने पिता धर्मेंद्र को बाइक पर बैठाकर रामपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था।

तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार

जैसे ही उनकी बाइक मूंढापांडे थाना क्षेत्र में सिहोराबाजे के पास पहुंची, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

  • हादसे में पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच मौका पाकर कार चालक मौके से फरार हो गया।
  • सूचना पर पहुंची मूंढापांडे पुलिस ने दोनों घायलों को मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रकाश राघव को मृत घोषित कर दिया।

रुला देने वाला था मोर्चरी का मंजर

युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी नेहा, ढाई साल का मासूम बेटा आकांक्ष, मां कविता और बड़ा भाई आकाश रोते-बिलखते मोर्चरी पहुंचे। यहां का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। बदहवास मां कविता अपने मृत बेटे के जूतों को सीने से चिपकाए जार-जार रो रही थीं। परिजनों ने जब उनसे जूते लेने की कोशिश की, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। वह बार-बार पुलिसकर्मियों के पास जाकर रोते हुए कह रही थीं- “साहब, मेरे बेटे को टक्कर मारने वाले कार चालक को पकड़ लो, वह भाग गया है।”

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

इस पूरे मामले पर मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात कार और फरार चालक का पता लगाने के लिए पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।