Uttarakhand Government Advertisement

आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले- कल्कि अवतरण में सातों चिरंजीवी निभाएंगे भूमिका, बनेगी 72 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मंसूर अली, ब्यूरो चीफ संभल

संभल : जनपद स्थित श्री कल्कि धाम, ऐंचोड़ा कम्बोह में मासिक सत्संग का आयोजन श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। प्रत्येक माह के प्रथम दिवस पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ से हुई, जिसके बाद सत्संग एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सत्संग को संबोधित करते हुए श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने धार्मिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सनातन मान्यताओं के अनुसार श्री कल्कि अवतरण के समय सातों चिरंजीवी भी अपनी-अपनी भूमिका निभाएंगे।

sbl 2

श्री कल्कि धाम में स्थापित होगी 72 फीट ऊंची दक्षिणमुखी हनुमान प्रतिमा

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान कल्कि के नामकरण का कार्य हनुमान जी द्वारा किया जाएगा। इसी विचार को ध्यान में रखते हुए श्री कल्कि धाम परिसर में 72 फुट ऊंची दक्षिणमुखी हनुमान प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि श्री कल्कि धाम निर्माण कार्य के लिए एक विशेष रथयात्रा निकाली जाएगी। यह रथयात्रा चार चरणों में आयोजित की जाएगी और इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक संदेश और जागरूकता पहुंचाना होगा।

दशकों से संतों और भक्तों का हो रहा समागम

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि यह भूमि लंबे समय से संतों, श्रद्धालुओं और आध्यात्मिक आयोजनों का केंद्र रही है। उनके अनुसार समाज में आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक जागृति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि व्यक्ति जीवनभर अपने संबंधों, अपेक्षाओं और परिस्थितियों को अपने अनुसार बनाने का प्रयास करता रहता है। जब परिस्थितियां मन के अनुसार होती हैं तो व्यक्ति प्रसन्न होता है और विपरीत होने पर दुख का अनुभव करता है।

‘परिस्थितियों को ईश्वरीय व्यवस्था मानकर स्वीकार करें’

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति जीवन की परिस्थितियों को ईश्वरीय व्यवस्था मानकर स्वीकार करना सीख ले तो उसके सोचने का तरीका बदल सकता है और जीवन में संतुलन और संतोष का अनुभव बढ़ सकता है।

सत्संग कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में सुधीर चाहल, लवकुश शर्मा, सत्यानंद, मूलचंद त्यागी, नीतू सिंह समेत अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।