Weather Updates : कड़ाके की ठंड के बीच नए साल का आगाज, जानें कितने दिन और रहेगी ठंड ​​​​​​​

 
Weather Updates

Weather Updates News : कड़ाके की ठंड के बीच नए साल 2023 का आगाज हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक में ठंड का सितम जारी है। कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। पर्यटकों की यात्रा में चार चांद लग गई है। हालांकि, इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। कहीं ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं, कई इलाकों में कुहासे का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, पंजाब और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है।


मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान नए साल के अवसर पर छह जिलों में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है, जबकि तीन जिलों में मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एन पी मेश्राम ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इसके अलावा, प्रदेश के कई भागों में ठंड पड़ने की संभावना भी है क्योंकि कई जिलों में आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में औसतन तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस नौगांव और रीवा में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह तक भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर एवं दतिया जिलों में कहीं-कहीं पर मध्यम से घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि छतरपुर, टीकमगढ़ एवं निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं पर मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शनिवार को कड़ाके की ठंड रही और राज्यों में घने कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार बठिंडा पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में भी रात में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर, मुक्तसर और नवांशहर में न्यूनतम तापमान क्रमशरू 5.4 डिग्री, 4.7 डिग्री और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पठानकोट में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री, मोहाली में 8.8 डिग्री, जालंधर में 6.3 डिग्री, जबकि लुधियाना में न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, करनाल में 8.4 डिग्री, अंबाला में 8.9 डिग्री, कैथल में 7.9 डिग्री जबकि फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 


राजस्थान में बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल में राज्य में सर्दी फिर जोर पकड़ेगी। आईएमडी ने बताया कि फलोदी राजस्थान में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा और अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आगामी 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की अतिरिक्त कमी आने तथा शीतलहर का नया दौर चलने की संभावना है। इसी तरह, अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के पश्चिमी व उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।

From Around the web