char dham yatra 2023: मौसम का मिजाज बदला, चार धाम यात्रा के तीर्थ यात्री जगह-जगह फंसे

 
Chardham Yatra 2022

char dham yatra 2023:देहरादून।  केदारनाथ-बदरीनाथ, यमुनोत्री सहित चार धाम यात्रा रूट पर मौसम का मिजाज खराब ही रहेगा। मौसम पर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी की ओर से उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान में चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड में खराब मौसम की वजह से तीर्थ यात्री यात्रा रूट पर जगह-जगह फंस गए हैं।


मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि चार मई को सभी जिलों में बारिश और अंधड़ की संभावना है। 3200 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। पांच और छह मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम अलर्ट के बाद प्रशासन की ओर से 03 मई को केदारनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया था। किसी भी तीर्थ यात्री को केदारनाथ धाम जाने की अनुमति नहीं दी गई। जबकि, गंगोत्री-यमुनोत्री, और बदरीनाथ धाम में बारिश का दौर जारी है। बारिश की वजह से तीर्थ यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। 


चारों धामों में पिछले 72 घंटे से अधिक समय से हो रही बारिश की वजह से धामों में ठंड बढ़ गई है। बारिश के चलते जन-जीवन खासा प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने यात्रियों को अलर्ट करते हुए ज्यादा बारिश होने पर यात्रा न करने की सलाह दी है। बारिश के बावजूद हालांकि तीर्थ यात्री बड़ी संख्या में धामों का रूख कर रहे हैं। 

From Around the web