गजरौला के कांकाठेर में मां-बेटी की हत्‍या, बिस्‍तर पर मिले खून से लथपथ शव

 
Amroha news

अमरोहा।  घर में सोते समय विधवा महिला और उसकी नाबालिग बेटी की हत्‍या कर दी गई।  मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया। डीआइजी मुरादाबाद शलभ माथुर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वारदात यूपी के अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कांकाठेर की है।

पुलिस के अनुसार गांव में स्वर्गीय पवन सिंह का परिवार रहता था। 2013 में पवन की मृत्यु होने के बाद घर पर 48 वर्षीय पत्नी मिथिलेश व 12 वर्षीय बेटी यशी रहते थे। 15 वर्षीय पुत्र मनवित हसनपुर क्षेत्र के गांव बहापुर में अपनी ननिहाल में रहता है। रोजाना की तरह मां बेटी अपने घर के आंगन में शनिवार रात चारपाई पर सोई थीं। रात में ही मां-बेटी की सिर पर वार कर हत्‍या कर दी गई।

घटना की जानकारी रविवार की सुबह करीब छह बजे उस समय हुई जब पड़ोस में रहने वाली महिला सुमंत्रा दूध लेने के लिए उसके घर पहुंची। गेट खुले होने पर वह अंदर पहुंची तो चारपाई पर मां बेटी के शव खून से लथपथ पड़े थे। यह देखकर वह चीखने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों के शव को पोस्टमार्टम भेजा जा रहा है। मौके से खून से सना हुआ एक पत्थर भी बरामद हुआ है। आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। उधर, मृतका के ससुर नानक ने बताया कि जिस मकान में घटना हुई है। वह उसमें लगभग 10 साल से अकेली रहती थी।

From Around the web